मेजवां। दंगा नियंत्रण के मद्देनजर सोमवार की रात फूलपुर रोडवेज के पास एसपी ग्रामीण की मौजूदगी में पुलिस ने रिहर्सल किया। इस दौरान नगर में लाठी-डंडों और हथियारों से लैस पुलिस दौड़ती नजर आई। अचानक चार थानों की पुलिस दिखी तो लोग सकते में नजर आए। अफसरों ने पुलिस टीमों को आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जमकर अभ्यास कराया। कानपुर की घटना दोहराई न जाय। मामला सांप्रदायिक हो तो स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है। इसके लिए अफसरों ने दंगा नियंत्रण के तहत रिहर्सल कराया गया। एसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर सीओ फूलपुर गोपाल स्वरूप वाजपेयी और एसपी ग्रामीण ने पुलिस को ड्रिल के तहत रिहर्सल कराया। इसके लिए चार थानों की पुलिस फोर्स को फूलपुर रोडवेज पर सोमवार की रात बुलाया गया था। इस दौरान तैनात अधिकारी और अफसरों ने दंगे की सूचना देकर पुलिस को दौड़ाया। तय जगह पर तय समय पर पहुंचने के लिए पुलिस कर्मचारियों को कड़ा पसीना बहाना पड़ा। पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट, हेलमेट, एलबो गार्ड, बॉडी प्रॉटेक्टर आदि के अलावा लाठी-डंडों और आधुनिक हथियारों से लैस थे। कस्बा में अचानक भारी संख्या में पुलिस को देख बाजारों में खड़े लोग सकते में आ गए। बाद में रिहर्सल का पता चलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।