आजमगढ़। जिले के 11 केंद्रों पर यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा का तीसरा दिन बीत गया। दोनों पालियों में पंजीकृत कुल 10224 अभ्यर्थियों की जगह 7763 ने परीक्षा दी। जबकि 2461 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए डीएम व एसपी समेत अन्य अधिकारी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर जायजा लेते रहे।
पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थियों को दो घंटे पहले से ही प्रवेश देना शुरू कर दिया गया। सभी की पहले गेट पर नियमानुसार बायोमीट्रिक जांच कराई गई। उसके बाद परीक्षा कक्ष के भीतर प्रवेश की अनुमति दी गई। इसके बाद केंद्र व्यवस्थापक की निगरानी में परीक्षा शुरू कराई गई। पहली पाली में 11 केंद्रों पर 5112 अभ्यर्थी की जगह 3861 ने परीक्षा दी। जबकि 1251 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली की परीक्षा में भी 5112 अभ्यर्थी नामांकित थे, इनमें 2461 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। जबकि 3902 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस भर्ती परीक्षा दोनों पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से हुई।