आजमगढ़। यूपी पुलिस सिपाही भर्ती के दूसरे चरण की लिखित परीक्षा शुक्रवार से शुरू हो गई। जिले के 11 केंद्रों पर दो पाली की परीक्षाएं संपन्न हुई। पहली पाली में 3885 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1227 गैर हाजिर रहे। वहीं दूसरी पाली में 3990 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 1122 अभ्यर्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। यानी दोनों पालियों में कुल 2349 अभ्यर्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर सख्ती देखने को मिली। गहन चेकिंग के बाद में ही अभ्यर्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया।
पांच दिनों तक आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के चौथे दिन यानी शुक्रवार को भी 11 केंद्रों पर परीक्षा हुई। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थी पहुंच गए थे। निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्रों के अंदर प्रवेश शुरू कराया गया। इससे पूर्व परीक्षार्थियों की गहनता से तलाशी ली गई। पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही परीक्षार्थी अंदर पहुंचे। निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू हुई। पहली पाली में पंजीकृत 5112 के सापेक्ष 3885 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 1227 ने किनारा किया। दूसरी पाली में भी 5112 के सापेक्ष 1122 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारी भ्रमणशील रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। एडीजी जोन वाराणसी पीयूष मोर्डिया, डीआईजी वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना द्वारा शिब्ली इंटर कॉलेज एवं शिब्ली पीजी काॅलेज का औचक निरीक्षण किया। इसी के साथ ही कोषागार में डबल लॉक में रखे गए पुलिस भर्ती परीक्षा के पेपरों का भी निरीक्षण किया। वहीं जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी परीक्षा केंद्रों पर भ्रमणशील रहे। परीक्षा केंद्र के आसपास फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहीं।