आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के भुजहीं मोड़ पर शुक्रवार की भोर में चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहे दो इनामी अपराधियों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया। उनके कब्जे से पुलिस ने तमंचा, बाइक व मोबाइल बरामद किया है। बीते 8 जुलाई को जहानागंज थाना क्षेत्र के गंभीरवन ग्रामसभा के प्रधानपति आशुतोष सिंह ने खुद पर जानलेवा हमला होने को लेकर मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के पीछे चुनावी रंजिश को कारण बताते हुए आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान ज्ञात हुआ कि उक्त मुकदमा फर्जी दर्ज कराया गया है। फर्जी घटना व मुकदमा दर्ज कराने के मामले में साजिश रचने के आरोप में पुलिस ने 16 अगस्त को आशुतोष उर्फ सुगंध सिंह व अजीत उर्फ बुलंद सिंह निवासी ग्राम गंभीरवन समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोगों से जानकारी प्राप्त हुई की इस घटना को भाड़े के दो अपराधियों से अंजाम दिलाया गया था। गिरफ्तार लोगों से की गई पूछताछ के बाद पुलिस पेशेवर अपराधी सुनील निषाद निवासी भवानीपुर थाना कप्तानगंज एवं दीपचंद निषाद उर्फ दीपू उर्फ सिपाही निवासी गजही थाना अहरौला की तलाश में जुट गई। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से 25-25 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया गया था।