आजमगढ़। मुबारकपुर थाने की पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर शनिवार को हत्या के आरोपी को मछली मंडी के पास से गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी रफीक अहमद मुबारकपुर के पुरा रानी मोहल्ला का रहने वाला है। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट भी जब्त की। आरोपी के खिलाफ 21 नवंबर 2024 को मुबारकपुर के सिक्ठी शाहमोहम्मदपुर निवासी छोहाड़ी देवी ने पति बालकिशुन की हत्या करने को लेकर मुकदमा दर्ज कराया था। मुबारकपुर थाना प्रभारी निहार नंदन कुमार ने मामले की जांच की तो मुबारकपुर के पुरारानी गांव निवासी रफीक अहमद का नाम सामने में आया। पुलिस टीम रोडवेज मुबारकपुर पर मौजूद थी तभी मुखबीर से सूचना मिली कि मछली मंडी के पास आरोपी रफीक अहमद मौजूद है। पुलिस टीम सक्रिय हुई और बताए हुए स्थान पर जा धमकी। पुलिस ने मौके पर आरोपी रफीक अहमद को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट घटनास्थल के पास असरफिया यूनिवर्सिटी के पीछे तालाब के किनारे झाड़ियों से बरामद किया।