जहानागंज। श्री दुर्गा जी स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंडेश्वर का कई भवन जर्जर हो चुका है। जिसमें अभी भी कक्षाएं संचालित होती हैं। ऐसी ही एक कक्षा में छत का प्लास्टर गिरने से बीएड की एक छात्रा घायल हो गई। जिस पर छात्र आक्रोशित हो उठे और काॅलेज के सामने जाम लगा दिया। पुलिस व शिक्षकों के समझाने पर कुछ ही देर में जाम समाप्त हो गया।
आक्रोशित छात्रों का कहना था कि छत का प्लास्टर टूट कर गिरने से अक्सर ही कोई न कोई चोटिल होता रहता है। कायदे से सारा प्लास्टर हटवा कर नए सिरे से करा देना चाहिए, लेकिन महाविद्यालय प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। छात्रों के जाम की सूचना पर एसओ सिधारी विकास पांडेय मय दल बल मौके पर पहुंच गए। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य नागेंद्र द्विवेदी व कुछ शिक्षक भी आ गए। सभी समझा बुझा कर छात्रों को शांत कराया। इसके बाद आक्रोशित छात्रों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया।