फूलपुर सड़क दुर्घटना में मौत के बाद रोते बिलखते।
- फोटो : AZAMGARH
मेजवां। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के ऊदपुर पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार की दोपहर एक बजे बेकाबू पिकअप ने सड़क किनारे खड़े सवारी भरे आटो में टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की जहां मौत हो गई तो वहीं आठ लोग घायल हो गए। कई की हालत गंभीर है। हादसे के शिकार लोग वैवाहिक समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा जबकि शवों कोपोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। सरायमीर थाना क्षेत्र के मोहिद्दीनपुर गांव निवासी श्याम बहादुर की भांजी की बृहस्पतिवार को शादी थी। जिसमें शामिल होने के लिए वह परिवार के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मैगना डेहरी गांव गया हुआ था। वैवाहिक समारोह संपन्न हो जाने के बाद सभी श्रुक्रवार को घर लौट रहे थे। आटो में चालक समेत 10 लोग सवार थे। ऊदपुर गांव के पास आटो चालक किसी काम से आटो को सड़क किनारे खड़ी कर उतर गया। इसी दौरान तेज रफ्तार डीजे लदी पिकअप ने आटो में टक्कर मार दी। हादसे में आटो सवार आलिया (5) पुत्र शिवबहादुर, साहिल (13) पुत्र श्यामबहादुर निवासी मोहिद्दीनपुर थाना सरायमीर व निर्मला 32 निवासिनी लसड़ा खुर्द थाना बरदह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रियंसी (13) पुत्री विजय बहादुर, कौशिल्या (45) पत्नी बंसू, बबिता (35) पत्नी मेवालाल, सलोनी (6) पुत्री कालिका, मेवाती (50) पत्नी रामसूरत, सरिता (30) शिवबहादुर, सुमन (40) पत्नी कालिका, विमलेश (42) पत्नी श्यामबहादुर घायल हो गए। पिकअप चालक मौके से मय वाहन फरार हो गया। घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घायलों को आटो से बाहर निकाला। कोतवाली पुलिस ने सभी को फूलपुर कस्बा स्थित प्राइवेट अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आलिया, निर्मला व साहिल को मृत घोषित कर दिया। घायल बबिता व सलोनी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।