सरायमीर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरेवां में प्रभारी चिकित्साधिकारी का पद सवा दो माह से खाली चल रहा है। प्रभारी चिकित्साधिकारी के न होने से लोगों को दवा इलाज एवं मेडिकल मुआयना के लिए भटकना पड़ रहा है। मेडिकल मुआयना के लिए आए लोगों को फूलपुर एवं आजमगढ़ रिफर किया जा रहा है। जिससे आने जाने में किराया भाड़ा के साथ ही समय भी नष्ट हो रहा है। यहां पर तैनात प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. कासिफ नदीम आलम का स्थानांतरण गत पांच जून को गौतम बुद्ध नगर हो गया। स्थानांतरण हुए सवा दो माह हो गए लेकिन अभी तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरेवां पर प्रभारी चिकित्साधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई। सवा दो माह से प्रभारी चिकित्साधिकारी न होने के कारण दवा इलाज एवं मेडिकल मुआयना नहीं हो पा रहा है। सीएमसओ डॉ. इंद्र नारायण तिवारी ने बताया कि अभी तीन दिन पूर्व प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की नियुक्ति कर दी गई है। वह दूसरे जिले से आए हुए हैं। शीघ्र ही कार्यभार ग्रहण कर लेंगे।