आजमगढ़। होली पर्व पर जिले में शराब की रिकॉर्ड बिक्री हुई। आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस बार जिले में कुल साढ़े पांच करोड़ रुपये की शराब बिक गई। हालत यह हो गई कि लोगों की खरीदारी के चलते गोदाम खाली हो गए। मंगलवार की दोपहर तक ही कई दुकानों से कई ब्रांड की शराब की बोतलें गायब हो गईं। जिले में देसी शराब की 303, अंग्रेजी शराब की 165 और बीयर की 165 दुकानें हैं। सामान्य दिनों में शराब की बिक्री लगभग तीन से चार करोड़ रुपये की होती है, लेकिन होली के मौके पर बिक्री दोगुनी से अधिक रही। इस भारी मांग के चलते आबकारी विभाग के छह देशी शराब और तीन अंग्रेजी शराब गोदामों में से कई पूरी तरह से खाली हो गए। दुकानों की हालत ऐसी थी कि कई ब्रांड गायब हो गए थे। इसके कारण लोगों को अपना मनपसंद ब्रांड नहीं मिल सका। इसके कारण लोगों को दूसरी ब्रांड की शराब से काम चलाना पड़ा। जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि इस बार पिछले साल से भी अधिक शराब की बिक्री हुई है। जिले में लगभग साढ़े पांच करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई है। जबकि आम दिनों में यह तीन से चार करोड़ की होती है।