लगातार पड़ रही भीषण गर्मी लोगों को बेहाल किए है। गर्मी से बचाव को लेकर लोग घरों में दुबक गए हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। रविवार को तापमान 44 डिग्री से पार पहुंच गया है। जबकि न्यूनतम तापमान 32 डिग्री रहा।गर्मी और लू से त्वचा झुलस रही है। पंखे भी गर्म हवा दे रहे हैं। लोगों को घर के अंदर भी राहत नहीं मिल रही है। हालांकि रविवार के कारण दोपहर में शहर के बाजारों और मार्गों पर लोगों की आवाजाही कम रही। दोपहर में जरूरी काम के लिए ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। जबकि गर्मी से बचाव के लिए चिकित्सक लोगों को पेय पदार्थों का अधिक सेवन करने के साथ शरीर को ढककर घर से निकलने के अलावा खाली पेट न रहने की सलाह दे रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि गर्मी अधिक होने पर तेज बुखार और डायरिया होने की आशंका बढ़ जाती है और समय पर उचित उपचार न मिलना खतरनाक साबित हो सकता है। वहीं शाम ढलने के बाद धीरे-धीरे पार्कों व सड़कों पर थोड़ी चहल-पहल दिखी।