अंधाधुध बिजली कटौती को लेकर बृहस्पतिवार की रात नगर पंचायत बूढ़नपुर के लोगों का गुस्सा फूट गया। रात करीब नौ बजे लोगों ने पॉवर हाउस रानीपुर का घेराव कर दिया। इससे विभाग के अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसओ अतरौलिया ने लोगों को किसी प्रकार से समझा-बुझाकर घर वापस भेजा। अगले दिन शुक्रवार को फिर लोगों ने तहसील पहुंच कर अघोषित कटौती को लेकर एसडीएम को सौंपा।
समाजसेवी गुडलक सिंह ने कहा कि बूढ़नपुर नगर पंचायत है। इसके अलावा यहां तहसील और ब्लाॅक मुख्यालय भी है। बिजली विभाग की लापरवाही यह है कि यहां के लोगों को गांव से भी बदतर बिजली मिल रही है। नगर क्षेत्र को 22 घंटे बिजली देने का निर्देश है लेकिन, सही से छह घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। इसके कारण नगर पंचायत में शामिल रानीपुर, कोयलसा, बूढ़नपुर, ईश्वरपुर पवनी, शेरवा आदि गांवों के लोग जहां उमस भरी गर्मी में परेशान हैं वहीं, धान की रोपाई भी नहीं हो पा रही है और जिम्मेदार अधिकारी शेड्यूल के अनुसार बिजली देने की बात कहने से नहीं थक रहे हैं। सुबह 11 बजे बिजली कट रही तो शाम चार बजे के बाद आ रही है। इसके बाद भी कटौती जारी है। लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या अलग बनी हुई है। मुश्किल से छह घंटे बिजली मिल रही है। इस संबंध में एसडीएम बूढ़नपुर ने बताया कि नपं अध्यक्ष द्वारा मुझे लगातार बिजली कटौती की शिकायत मिलती रही। बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए निर्देश दिया गया लेकिन कुछ नहीं हुआ।
ट्रांसफार्मर या किसी अन्य उपकरण में खराबी आने से शटडाउन लिया जाता है। इससे लोगों को परेशानी होती है। लोगों की समस्या का पूरा ख्याल रखा जा रहा है, जिससे आगे उन्हें परेशानी न हो। - कुंवर भगत, अवर अभियंता।