आजमगढ़। कोरोना का संक्रमण भयावह स्थिति में पहुंच चुका है। इसके बाद भी जिले में लापरवाही जारी है। संक्रमण पर लगाम लगाने के लिए कोरोना कर्फ्यू लगाया गया है, लेकिन सड़कों पर भीड़ कम नहीं हुई है। बंदी के बावजूद रोज की तरह ही भीड़ सड़कों पर दिख रही है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रदेश सरकार ने 10 मई तक कोरोना कर्फ्यू लगाया है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं दवा, सब्जी, फल व किराना की दुकानों को ही खोलने के निर्देश हैं। इसके बाद भी तमाम दुकानदार भी आधा शटर खोलकर कारोबार कर रहे हैं। वहीं खरीदारों की बात की जाए तो बाजारों में इतनी भीड़ उमड़ रही है कि जैसे कोरोना काल न होकर सामान्य दिन हो। शहर के मुख्य चौक से तकिया, पहाड़पुर तक तो सड़कों पर जगह-जगह जाम भी लग रहा है। बिना जरूरत के घरों से न निकलने का बार-बार निर्देश जारी हो रहा है। पुलिस महकमा भी अब सख्ती करने लगा है। इसके बाद भी सड़कों पर सामान खरीदने वाले तो कम घूमने वाले ज्यादा निकल रहे हैं। युवा वर्ग सड़कों पर बाइक लेकर फर्राटा भर रहा हैं। शहर से लेकर ग्रामीणांचल तक कोरोना कर्फ्यू की धज्जियां उड़ रही हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। इसके चलते प्रतिदिन नए संक्रमितों का आकड़ा पांच से छह सौ तक पहुंच रहा है। इसके बाद भी लोग लापरवाह बने है और यही कारण है कि कोरोना संक्रमण पर अब तक जिले में लगाम नहीं लग सका है। शहर के मुख्य चौक क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी को प्रशासन ने दो स्थानों पर लगवा दिया है ताकि भीड़ न होने पाए। एक स्थल अठवरिया मैदान है तो दूसरा वेस्ली इंटर कालेज का मैदान है। दोनों स्थानों पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ रही हैं। दुकान बिना मास्क के ही सब्जी की बिक्री कर रहे है और खरीदारों का भी ऐसा ही कुछ हाल देखने को मिल रहा है। भीड़ तो इतनी हो रही है कि जैसे सब्जी की किल्लत होने वाली हो। सरकार ने प्रतिदिन सब्जी की दुकान खोलने का निर्देश दिया हुआ है, इसके बाद भी लोग सब्जी लेने के बहाने ही घरों से निकल कर सड़कों पर चहल कदमी कर रहे है।