जिला अस्पताल में पंजीकरण काउंटर पर लगी मरीजों की भीड़। संवाद
आजमगढ़। धूलभरी आंधी के कारण आंखों में एलर्जी, लालिमा, जलन और खुजली से परेशान लगभग 180 लोग हर दिन जिला अस्पताल की ओपीडी में आ रहे हैं। जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. जेपी श्रीवास्तव ने बताया कि नेत्र विभाग की ओपीडी में हर दिन 300 मरीज आ रहे हैं। इनमें 60 प्रतिशत मरीज आंखों में लालिमा, खुजली, जलन और पानी आने की समस्याओं से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में धूल, प्रदूषण, तेज धूप और संक्रमण के कारण आंखों में एलर्जी और वायरल कंजंक्टिवाइटिस (आई फ्लू) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि वायरल कंजंक्टिवाइटिस एक संक्रामक बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने या उसके द्वारा उपयोग की गई वस्तुओं के इस्तेमाल से फैल सकती है।
ये हैं लक्षण
आंखों का लाल होना।
आंखों में लगातार खुजली होना।
जलन और चुभन महसूस होना।
आंखों से पानी आना।
पलकों में सूजन होना।
रोशनी से परेशानी महसूस होना।
आंखों में किरकिरापन या भारीपन लगना।
ये हैं बचाव के उपाय
आंखों को बार-बार हाथ से न छुएं।
बाहर निकलते समय धूप वाला चश्मा पहनें।
साफ तौलिया और रूमाल का ही उपयोग करें।
संक्रमित व्यक्ति के तौलिया या अन्य सामान का इस्तेमाल न करें।
आंखों को स्वच्छ पानी से धोते रहें।
धूल और प्रदूषण वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।
पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें।