आजमगढ़। निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र में मतदाता नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य में सक्रियता का शानदार उदाहरण देखने को मिला है। बूथ लेवल अधिकारी परविंद कुमार सिंह ने शत प्रतिशत कार्य पूरा किया और जिले के पहले बीएलओ बने, जिन्होंने एसआईआर को भरने के साथ ही एप पर अपलोड भी कर दिया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधान सभा निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक किया जा रहा है। इस क्रम में सभी बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरने एवं संकलित करने के निर्देश दिए थे। विधानसभा क्षेत्र 348 के मतदेय स्थल संख्या 289 पर तैनात बूथ लेवल अधिकारी परविंद कुमार सिंह ने कुल 1053 मतदाताओं में से 1022 के फार्म समय पर एप पर अपलोड कर दिए।