ज्ञानपुर/सरोई। जिले में धान की खरीद धीरे-धीरे तेज होने लगी। मंगलवार को रजपुरा क्रय केंद्र पर खरीद की शुरूआत हो गई। यहां आए तीन किसानों ने 104 क्विंटल धान को बेचा। क्रय केंद्र प्रभारी विपणन निरीक्षक अनुपमा त्रिपाठी ने बताया कि जैसे-जैसे धान की कटाई खत्म हो रही है, वैसे-वैसे खरीद बढ़ेगी। दीपावली के बाद धान की खरीद गति पकड़ेगी। यहां पर आए किसानों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। जिला विपणन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि एक नवंबर से अब तक छह केंद्रों पर खरीद शुरू हो चुकी है। बताया कि दो नवंबर को जंगीगंज, तीन नवंबर को रमईपुर और सोमवार को मंडी समिति में बने तीन केंद्रों पर धान खरीदा गया। सात दिन में 30.28 एमटी धान किसानों से लिया गया। उन्होंने बताया कि इस बार 52 समितियां होने से किसानों को सहूलियत मिल रही है। आने वाले दिनों में धान खरीद में तेजी आएगी।