मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए होली के त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की छापेमारी कार्रवाई जारी है। सोमवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में रानी की सराय में छापेमारी की कार्रवाई की गई। जिसमें एक दुकान से मैदा व दूसरे दुकान से आयल को सीज किया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप सरीखा माहौल रहा।
एफडीए की टीम द्वारा होली के त्योहार को देखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को रानी की सराय बाजार में छापेमारी की कार्रवाई की गई। सूचना मिलते ही बाजार की दुकानों के शटर धड़ा-धड़ गिरने लगे। टीम बाजार के एक किराना की दुकान में पहुंची। जहां पर मैदा मानक में न मिलने पर एक क्विंटल मैदा को सीज किया गया। वहीं दूसरी दुकान पर राइस ब्रैन ऑयल भी मानक में नहीं मिलने पर 211 लीटर आयल सीज कर दिया गया। साथ ही दुकानदार को कड़ी चेतावनी दी गई। निर्देश दिए गए कि सभी सामान गुणवत्तायुक्त ही होने चाहिए। यदि गुणवत्ताहीन सामान मिलेगा तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।