आजमगढ़। लोगों को शत प्रतिशत मतदान को प्रेरित करने के लिए आयोग द्वारा आदर्श और महिला बूथ बनाने का निर्देश दिया गया है। जिसके कारण उपचुनाव के लिए आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में एक आदर्श बूथ और एक महिला बूथ का निर्माण किया गया है। लोकसभा उपचुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए जिला प्रशासन की ओर से स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। पेंटिंग, रंगोली और मेंहदी प्रतियोगिता के जरिए लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। वहीं मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए आयोग के निर्देश पर बृहस्पतिवार को होने वाले मतदान के लिए आदर्श और महिला बूथ का निर्माण किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से हर विधानसभा क्षेत्र में एक आदर्श बूथ और महिला बूथ का निर्माण किया गया है। आदर्श बूथ पर मतदाताओं के बैठने के लिए, उनके लिए पीने के पानी, सेल्फी प्वाइंट आदि बनाए गए हैं। वहीं महिला बूथों पर सुरक्षाकर्मियों से लेकर मतदान कर्मियों तक महिलाओं की तैनाती की गई है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ब्रजेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आयोग के निर्देश पर हर विधानसभा में एक माडल बूथ और एक महिला बूथ का निर्माण किया गया है। इन बूथों को पूरी तरह से गुब्बारों आदि से सजाया गया है।