आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने रजादेपुर चौराहे से रविवार की देर रात एक चोर को लाखों के आभूषण व तमंचा के साथ गिरफ्तार किया। पांच दिन पूर्व चोर ने लाटघाट बाजार स्थित एक खाली मकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
केशवपुर लाटघाट बाजार निवासिनी सावित्री वर्मा पत्नी शिव सागर गणपति पूजा मनाने के लिए मुंबई गईं थीं। बीते बृहस्पतिवार की रात चोर ने उनके खाली मकान से लाखों के आभूषण की चोरी की। पीड़िता मुंबई से लौटी तो घटना की जानकारी हुई। सावित्री ने जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी। पीड़िता के अनुसार चोरों ने लगभग 10 लाख की चोरी की थी।
रविवार की रात जीयनपुर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रजादेपुर चौराहे पर चोरी का आरोपी मौजूद है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही एक आरोपी भागने लगा। पुलिस ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से तमंचा व चोरी के जेवरात व अन्य कीमती सामान बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपना नाम सूरज सोनकर निवासी कालीचौरा पन्ना चौराहा बड़ी मस्जिद थाना बड़हलगंज जिला गोरखपुर बताया। इस दौरान सूरज का एक साथी नूर ए आलम भी मौजूद था जो अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गया।