एक मुक्त समाधान योजना के अंतिम दिन रविवार को विद्युत विभाग अहरौला रेड़हा का कार्यालय खुला रहा, जहां बिजली विभाग द्वारा संचालित बिल भुगतान में ब्याज पर माफी का लाभ लेने के लिए उपकेंद्र पर उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ी रही।
अंतिम दिन उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए पावर हाउस के एसडीओ अवधेश यादव और अवर अभियंता शोभनाथ गौतम अलग-अलग काउंटर बनाकर एक-एक उपभोक्ता की समस्याओं को सुनते हुए उनके बिल भुगतान की भी विसंगतियों को दूर कर रहे थे। उपभोक्ताओं द्वारा ज्यादातर शिकायतें बिल की रीडिंग ज्यादा आने की थी, जिसका कई लोगों का निस्तारण भी किया गया। लेकिन सरवर की गति धीमी होने के कारण कई उपभोक्ता अंतिम दिन इस योजना का लाभ नहीं ले पाए। फिलहाल अंतिम दिन कम से कम 25 उपभोक्ताओं ने अपने बिल का भुगतान करके एक मुश्त समाधान योजना का लाभ लिया, जिसमें विद्युत विभाग को लगभग पांच लाख रुपए की राजस्व की वसूली हुईं। इस मौके पर एसडीओ अवधेश यादव, जेई शोभनाथ गौतम, सुनील राय, राजेश यादव, सुधाकांत, मुलायम यादव, मनोज यादव आदि उपस्थित थे।