आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के सियरहा अंडरपास पर शनिवार प्राइवेट बस व ट्रक में टक्कर हो गई थी। हादसे में बस में सवार सात यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इन घायलों में शामिल वृद्धा की इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना से वृद्धा के परिजनों में कोहराम मच गया है।
आजमगढ़ जिला मुख्यालय से एक प्राइेवट बस शनिवार को बिलरियागंज होते हुए रौनापार जा रही थी। बस में लगभग 35 सवारी सवार थे। आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के सियरहा अंडरपास के समीप ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में बस सवार सात यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिसमें बच्ची देवी (65) निवासिनी नरौल थाना सिधारी भी शामिल थीं। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान बच्ची देवी की रविवार को मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बच्ची देवी घटना के समय रिश्तेदारी में पटवध जा रही थीं। वह दो पुत्र व तीन पुत्रियों की मां थीं।