बलरामपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मारपीट की घटनाओं में वृद्धा की मौत हो गई तो वहीं एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रौनापार थाना के सहदौली गांव में बुधवार की रात पड़ोसियों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में गांव निवासिनी शनिचरी देवी (70) पत्नी स्व. फूलचंद निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका एक पुत्र की मां थी, जिसकी पहले ही मौत हो चुकी है। उसके चार पोता व तीन पोतियां हैं। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मारपीट की दूसरी घटना तरवां थाना क्षेत्र के चचूपुर धनिअवर गांव में मंगलवार की शाम भाइयों में मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में पारस चौहान (70) घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से रेफर होने पर बृहस्पतिवार को उन्हें जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया।