बीमार पत्नी के इलाज के लिए बैंक से पैसा निकालकर घर लौट रहे वृद्घ की रानी की सराय में बाइक की टक्कर से मौत हो गई।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के सम्मोपुर खालसा गांव निवासी 60 वर्षीय छोटू यादव पुत्र तेजू की पत्नी बीमार चल रही हैं। उनके इलाज कराने के लिए सोमवार को छोटू यादव पैसा निकालने के लिए पैदल ही रानी सराय में स्थित बैंक में गए थे। वह पैसा निकालकर घर वापस लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया। जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वृद्घ की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक छोटू के दो पुत्र हैं। इस घटना से मृतक के घर कोहराम मचा हुआ है।