थाना क्षेत्र के चकलालधर गांव में बुधवार की रात बैक हो रहे ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मय वाहन मौके से फरार हो गया। गांव निवासी दीनदयाल चौहान (60) की स्थानीय बाजार में दुकान है। बुधवार की रात लगभग नौ बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। गांव के बाहर चकरोड पर एक व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्राली से मिट्टी गिराने के बाद उसे बैक कर रहा था। इसी दौरान दीनदयाल बाइक लेकर उसके पीछे आ गया और ट्रैक्टर उसके ऊपर चढ़ गया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
रास्ते से गुजर रहे अन्य लोगों ने दीनदयाल को मृत पड़ा देखा तो गांव में सूचना दी। जिस पर लोग मौके पर पहुंचे। दीनदयाल नि:संतान था। पत्नी राजदेई पति की मौत पर बिलखती रही।