शहर की खराब होती आबोहवा को दुरुस्त करने के लिए परिवहन विभाग ने कड़े कदम उठाए हैं। अब डीजल चालित किसी ऑटो को नया परमिट जारी नहीं होगा। विभाग ने सिर्फ सीएनजी/इलेक्ट्रॉनिक के सवारी ऑटो का नया परमिट देने के आदेश जारी किया हैं। विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक डीजल के पुराने परमिट से लैस ऑटो अपनी अवधि पूरी होने तक ही सड़क पर चलते रहेंगे। उनकी अवधि आगे नहीं बढ़ेगी। शहर में संचालन के लिए सिर्फ सीएनजी/एलपीजी संचालित नए ऑटो को ही परमिट जारी होगा। डीजल के पुराने ऑटो के खिलाफ बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। जिनका परमिट खत्म हो चुका होगा, उनको सीज कर दिया जाएगा। वहीं, जिन डीजल संचालित ऑटो का परमिट खत्म होने में जितना समय बाकी होगा, उनको उतने समय तक चलने की मोहलत दे दी जाएगी।