आजमगढ़। डीएम नवनीत सिंह चहल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला गंगा समिति, जिला पौधरोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वैटलैंड समिति की बैठक हुई। बैठक में अनुपस्थित रहने पर क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आजमगढ़ और अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग को नोटिस जारी करने के लिए डीएफओ को निर्देशित किया।
गंगा समिति की समीक्षा में डीएम ने एसडीएम सदर को 8 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण के लिए भूमि खोजने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निगम नगरीय विभाग को यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया कि जिन घरों को सीवेज लाइन से नहीं जोड़ा गया है, उन्हें जल्द ही जोड़ा जाए। जहां एसटीपी बनकर तैयार है और वहां सीवर नहीं पहुंच रहा है तो सीवर की आपूर्ति के लिए सीवर लाइन डाली जाए। ऐसे क्षेत्रों में जहां सीवर लाइन नहीं है, वहां सीवर लाइन ले जाने का कार्य किया जाए।
डीएम निर्देश दिया कि ऐसे सभी घरों और प्रतिष्ठानों को नगर निकाय द्वारा नोटिस जारी किया जाए, जो अपना सीवर नाले में गिरा रहे हैं। जिलाधिकारी ने प्रभारी स्थानीय निकाय को प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी सूचनाएं सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायत के लिए प्रतिमाह उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। सीएमओ को अस्पतालों से उत्सर्जित जैव चिकित्सा अपशिष्ट के निस्तारण को मानक के अनुसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएफओ ने जिला पौधरोपण समिति के संबंध में जानकारी दी कि आजमगढ़ जनपद के लिए शासन द्वारा 57.91 लाख पौधों का लक्ष्य आवंटित किया गया था, जिसे अन्य विभागों के सहयोग से पूरा कर लिया गया है। डीएम ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अवशेष जियो टैगिंग 100 प्रतिशत पूर्ण करें। इस मौके पर सीडीओ परीक्षित खटाना, डीएफओ जीडी मिश्र सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।