आजमगढ़। आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस महकमा के साथ ही प्रशासनिक अमले ने कमर कस लिया है। किसी भी नई परंपरा की शुरूआत नहीं होने देने के साथ ही चिन्हित आठ अतिसंवेदनशील स्थलों पर क्यूआरटी की तैनाती कर दी गई है। कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में आगामी त्योहारों को लेकर रणनीति तय कर ली गई है। एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बकरीद का त्योहार नजदीक है। इसके साथ ही श्रवण मास व कांवर यात्रा की भी शुरूआत हो रही है। जिसे देखते हुए पुलिस महकमे ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। आगामी त्योहारों पर शासन के निर्देशानुसार किसी भी नई परंपरा की शुरूआत किसी भी हाल में नहीं होने दी जाएगी। सड़क पर नमाज के साथ ही अन्य किसी भी प्रकार के धार्मिक आयोजन प्रतिबंधित रहेंगे। बकरीद पर नमाज परंपरागत तरीके से ईंदगाहों व मस्जिदों में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करायी जाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर जनपद पुलिस के अलावा डेढ़ कंपनी पीएसी भी मौजूद है। इतना ही नहीं ड्रोन से निगहबानी की जा रही है। जिले में आठ अति संवेदनशील स्थल चिन्हित किए गए है। जहां क्यूआटी की तैनाती की जा रही है। उन्होंने बताया कि लाउडस्पीकर व डीजे संचालकों को भी इस बात का निर्देश दिया गया है कि निर्धारित मानक में ही वे लाउडस्पीकर व डीजे की ध्वनि रखेंगे। मिश्रित आबादी वाले व संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सड़क पर नमाज प्रतिबंधित रहेगा।