आजमगढ़। बकरीद और आगामी त्योहारों को लेकर डीएम विशाल भारद्वाज और एसपी अनुराग आर्य द्वारा शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक की गई। जिसमें धार्मिक गुरु, प्रबुद्धजन एवं संभ्रान्त नागरिकों ने भाग लिया। डीएम ने त्योहारो पर आपसी सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही किसी भी नई परंपरा नहीं शुरू करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी दशा में प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी न दी जाए तथा कोई भी कुर्बानी खुले में न हो। समस्त धर्म गुरुओं से अपील करते हुए कहा कि लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करें, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हो। कुर्बानी के बाद अवशेष पदार्थों को खुले में न डाला जाए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में साफ सफाई की विशेष व्यवस्था रहे। मंदिर एवं मस्जिदों के पास प्रत्येक दशा में साफ सफाई कराएं। इन कार्यों में किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
एसपी अनुराग आर्य ने कहा कि शांति-सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में यह सुनिश्चित करेंगे कि कुर्बानी पूर्व से निर्धारित परंपरागत स्थलों पर ही की जाए, किसी भी दशा में खुले में कोई कुर्बानी नहीं की जाए। माहौल खराब करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन व पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही धर्म गुरु और जनपद के संभ्रांत नागरिक उपस्थित थे।