पंजीकरण काउंटर पर लगी मरीजों की भीड़। संवाद
आजमगढ़। अगर आपको कम सुनाई दे रहा है और इसे अनदेखा कर रहे हैं तो यह लापरवाही आपको भारी पड़ सकती है। डॉक्टर बढ़ती उम्र और पौष्टिक आहार की कमी से कान की नस सूखने की बात बता रहे हैं। जिला अस्पताल के नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ. रामकेवल ने बताया कि अमूमन कान से कम सुनाई देने के मामले 60 साल से ज्यादा की उम्र के लोगों में पाई जाती है। अब 50 साल की उम्र के बाद भी लोग इस समस्या से ग्रसित हैं। इन दिनों ओपीडी में 150 से ज्यादा मरीज आ रहे हैं। इसमें से पांच मरीजों में ये समस्या देखने को मिल रही है। इन्हें बातचीत स्पष्ट सुनाई नहीं देता, टीवी या मोबाइल की आवाज सामान्य से ज्यादा रखनी पड़ती है। बार-बार बात दोहराने की जरूरत पड़ती है। जिन मरीजों में सुनने की क्षमता कम हो चुकी है, उन्हें हियरिंग एड (सुनने वाली मशीन) लगाने की सलाह दी जाती है।
ये लक्षण दिखें तो न करें नजरअंदाज
आवाज स्पष्ट सुनाई न दे
बार-बार बात दोहरानी पड़े
फोन पर बातचीत में परेशानी हो
कानों में लगातार सीटी या भनभनाहट सुनाई दे