पल्थी बाजार में रविवार को आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में नीबी के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। दो दिवसीय मेले के दौरान कुल 32 जोड़ी पहलवानों ने दमखम दिखाया। दंगल में बिहार, मध्यप्रदेश के साथ-साथ उत्तरप्रदेश के आजमगढ़, जौनपुर, प्रयागराज, अयोध्या, मऊ, बलिया, मिर्जापुर और मुजफ्फरनगर के पहलवान शामिल हुए। अधिकांश मुकाबलों में आजमगढ़ के नीबी के पहलवान विजयी रहे। प्रतियोगिता का अंतिम मुकाबला जौनपुर और अयोध्या के पहलवानों के बीच हुआ। इसमें जौनपुर के निगम ने लोहा मनवाया। रेफरी की भूमिका सांवले प्रसाद यादव और तीजू सेठ ने निभाई। इस दौरान राकेश कुमार यादव, राहुल यादव, दिनेश यादव, जे. पी. यादव (प्रधान), अभिषेक यादव, पापु सोनकर, विनोद सोनकर (प्रधान), जुड़ावन यादव, नंदलाल मौर्य, अभिषेक यादव मौजूद रहे।