तहसील क्षेत्र के अमारी व मैनुद्दीनपुर गांव में बृहस्पतिवार को दिन में अज्ञात कारणों से गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक लगभग 24 के लगभग किसानों के 200 बीघे के गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। सूचना के तीन घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। इसे लेकर किसानों में आक्रोश देखने को मिला।
मैनुद्दीनपुर गांव के सिवान में दिन में लगभग ढाई बजे गेहूं की खड़ी फसल मे आग लगी। जानकारी होते ही ग्रामीण आग बुझाने की कवायद में जुट गए। कई ट्रैक्टर चालक जगह-जगह खेत में ट्रैक्टर उतार कर आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। लेकिन तेज हवाओं के चलते आग विकराल रूप धारण करती गई। सूचना के तीन घंटे बाद तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंची थी।
ग्रामीणों ने अथक प्रयास कर लगभग ढाई घंटे बाद आग पर काबू पाया तब तक आग ने मैनुद्दीनपुर से लेकर अमारी गांव तक के कई किसानों की दो सौ बीघे गेहूं की फसल को जला कर राख कर दी। आग बुझ जाने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची तो किसान आक्रोशित हो गए। फसलों के नुकसान पर किसानों के चेहरों पर मायूसी दिख रही थी।
अमिलो संवाददाता के अनुसार अमुड़ी गांव में बृहस्पतिवार को दिन में 12 बजे गेहूं की फसल में आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जा तब तक लगभग पांच बीघा गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। सूचना पर हलका लेखपाल ज्योति यादव ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का आकलन किया।