फूलपुर। गर्मी का पर्व मोहर्रम 17 जून से शुरू होगा। इसे शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। सीओ किरण पाल सिंह एवं एसडीएम अशोक कुमार ने ताजियादारों से मोहर्रम जुलूस के मार्ग, सफाई व्यवस्था तथा रास्तों में झूल रहे बिजली के तारों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने ताजिया की ऊंचाई सामान्य रखने की अपील करते हुए कहा कि इससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सकेगा। कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ताजिया ले जाने वाले मार्ग की जानकारी संबंधित हल्का सिपाही को अवश्य दें। जुलूस के दौरान अंजुमन की ओर से नामित स्वयं सेवकों की सूची भी उपलब्ध करा दें। इससे कार्यक्रम सुचारु रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सके। इस दौरान एसआई कमालुद्दीन, एसओ अजीज, सैय्यद मोहम्मद अब्बास, हसन इमाम, सैय्यद शमीम काजिम, आफताब हुसैन, अफसर रजा, मिसम, रिजवान, अमित आदि रहे। संवाद