आजमगढ़। मंडलायुक्त मनीष चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को मंडलायुक्त सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मंडलायुक्त ने मंडलीय अधिकारियों को मुख्यालय पर उपस्थित रहे विभागीय कार्यों की निरंतर समीक्षा करते रहने का निर्देश दिया। मंडलायुक्त कुछ कार्यक्रमों में मंडल के जनपदों की रैंकिंग काफी कम पाये जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि जो विभाग रैंकिंग में पीछे हैं, वे आगामी बैठक तक कम से कम टाप 20 में लाएं। किसी भी अधिकारी को अवकाश पर जाने से पूर्व उनकी स्वीकृति प्राप्त करना अनिवार्य है। यदि किसी अधिकारी को बिना अवकाश स्वीकृत कराए अवकाश पर होना पाया जाता है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति भेज दी जाएगी। मंडलायुक्त ने कहा कि कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने के लिए सभी मंडलीय अधिकारी अपने विभागीय कार्यों की स्वयं समीक्षा करने के साथ ही जनपदीय अधिकारियों के माध्यम से भी उसकी नियमित रूप से समीक्षा कराएं। सूचनाओं के त्वरित आदान प्रदान के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं अथवा अन्य संसाधनों का उपयोग करें। प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा के दौरान इसमें और तेजी लाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने उप आबकारी आयुक्त को निर्देशित किया कि मंडल की सीमा बिहार से लगी हुई जिससे शराब तस्करी की संभावनाएं बनी रहती हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि निरंतर छोपमारी कर अवैध शराब पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा अवैध शराब के करोबारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करें। यदि प्रवर्तन कार्य में कोई दिक्कत हो तो तत्समय ही अवगत कराया जाय। इस मौके पर अपर आयुक्त हंसराज, संयुक्त विकास आयुक्त ओपी आर्य, अधीक्षण अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग वीके सिंह गौर, मंडलीय अर्थ एवं संख्याधिकारी डा. नीरज श्रीवास्तव, अपर निदेशक, पशु पालन, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग आदि उपस्थित थे।