मुबारकपुर। लगभग दो सप्ताह से नगर क्षेत्र के हैदराबाद, पूरासोफी सहित छह से ज्यादा मोहल्लों में बुखार से पीड़ित लोगों के मिलने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भी 60 से अधिक मरीज सरकारी और निजी अस्पतालों में पहुंचे। वहीं, सीएचसी मुबारकपुर में 33 नए मरीजों को भर्ती किया गया है।
मुबारकपुर कस्बा इन दिनों बुखार से तप रहा है। कस्बे के कई मोहल्लों में लगातार बुखार से पीड़ित लोग मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग इन इलाकों में लगातार शिविर लगाकर लोगों को दवा वितरण कर रहा। शुक्रवार को जहां सीएचसी मुबारकपुर में 33 नये संदिग्ध मरीज भर्ती हुये। वहीं इससे अधिक मरीज निजी अस्पतालों में उपचार कराने के लिए पहुंचे।
एक दिन में फिर से 60 से अधिक संदिग्ध मरीजों के मिलने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रभावित क्षेत्रों में आशा और एएनएम सहित चिकित्सकों की दो दो टीमें लगाकर जरूरी दवाएं वितरित कराई जा रही हैं। उनके द्वारा लोगों को बुखार से बचाव के लिए कुछ महत्वपूर्ण सावधानियां बरतने की अपील भी की जा रही है।
इसी क्रम में शुक्रवार को मोहल्ला पूरासोफी में मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी के मद्देनजर सीएचसी के चिकित्सकों, आशा और एनम की दो टीमें लगाकर युद्ध स्तर पर मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित की गयीं। मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करने तथा जूस आदि का सेवन करने, गुनगुने पानी के सेवन करने की अपील की गई।