आजमगढ़। वितरण खंड सगड़ी के अंतर्गत महुवी और बनकट में लगभग आठ करोड़ से बन रहे विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण अंतिम दौर में चल रहा है। अगले माह 15 अप्रैल तक इसका काम पूरा कर लिया जाएगा। इससे क्षेत्र के करीब 55 गांवों को लाभ मिलेगा। विद्युत निगम के एसडीओ तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि महुवी क्षेत्र के गांवों में रौनापार, बिलरियागंज, सहदेवगंज उपकेंद्र और बनकट क्षेत्र के गांवों में पटवध, जीयनपुर उपकेंद्रों से बिजली की आपूर्ति होती हो रही है। मौजूदा उपकेंद्रों पर बढ़ते लोड के कारण ओवरलोडिंग, बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं। खासकर गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने के साथ उपभोक्ताओं को अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि नए उपकेंद्र की स्थापना के लिए महुवी में लगभग 4.80 करोड़ और बनकट में 3.50 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। वर्तमान समय में दोनों उपकेंद्रों का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। जो काम बचे हैं वह अगले माह 15 अप्रैल तक पूरे कर लिए जाएंगे। दोनों उपकेंद्रों से 55 से अधिक गांव जोड़े जाएंगे।