जिले में दूसरे दिन भी मंगलवार को ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी एवं समाज कल्याण पर्यवेक्षक की परीक्षा अपने निर्धारित समय सुबह 10 बजे शुरू हुई। परीक्षा के दूसरे दिन 50 फीसदी से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा से दूरी बनाई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग दिसंबर 2018 में आयोजित हुई ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी एवं समाज कल्याण पर्यवेक्षक (सामान्य चयन) प्रतियोगितात्मक परीक्षा-2018 की पुनर्परीक्षा 26 और 27 जून को आयोजित हुई। परीक्षा दूसरे दिन मंगलवार को भी जिले के 20 केंद्रों पर हुई। परीक्षा की पहली पाली में कुल 9648 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। जिसमें 4202 उपस्थित और 5446 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 9648 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 4214 ने परीक्षा दी। जबकि 5434 अभ्यर्थियों ने परीक्षा से दूरी बना ली। परीक्षा को सकुशल कराने के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल लगाए गए थे। साथ ही पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट व 20 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाने के साथ ही चार सेक्टर मजिस्ट्रेट व 10 स्टैटिक मजिस्ट्रेट को आरक्षित किए गए थे। एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्र व जिले के अन्य अधिकारी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षार्थी रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचे। जहां पर काफी भीड़ थी। बसों की किल्लत भी हुई। जिसके कारण उन्हें बसों का इंतजार करना पड़ रहा था।