सगड़ी। जीयनपुर विद्युत उपकेंद्र से चंद कदम की दूरी पर किसी शरारती तत्व ने नगर पंचायत के कूड़े के ढेर में बुधवार को दोपहर में आग लगा दी। जिससे विद्युत आपूर्ति के लिए लगी 440 वोल्ट की केबल आग की लपटों से घिर गई। मौके पर पहुंचे जेई आलोक कुमार ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद कराया। जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जीयनपुर कस्बे के उत्तरी छोर पर स्थित शर्मा ढाबा के पास नगर पंचायत के कूड़े के ढेर में किसी शरारती तत्व ने आग लगा दी। जिससे कुछ ही देर में आसपास में धुंआ धुंआ हो गया और तेज लपटें निकलने लगी। उठ रही लपटों के ठीक ऊपर विद्युत केबल से 440 वोल्ट की लाइन आपूर्ति हो रही थी। विद्युत विभाग की केबल आग की लपटों और धुएं से घिर गई।केबल पिघलने और जलने की सूचना मिलते ही जे ई आलोक कुमार मौके पर पहुंच गए और तुरंत विद्युत आपूर्ति बंद कराया और आग बुझाने तक कर्मचारियों के साथ मौके पर डटे रहे। इस संबंध में आलोक कुमार ने बताया कि किसी शरारती तत्व ने कूड़े के ढेर में आग लगा दी। आग की लपटों से केबल के गलने की संभावना देखते हुए विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई।