सगड़ी। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गुलवा गौरी गांव में शनिवार को दिन में पट्टीदारों ने अधेड़ को लाठी-डंडे से पीट कर मार डाला।
मृतक के पुत्र की तहरीर पर चार के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत हो गया है। वहीं पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शमशाद व इस्तेयाक सगे भाई है। शमशाद को बच्चे नहीं है। उसकी पत्नी सलमा अपने भाई की बेटी को पास रख कर पालती है। शनिवार को इस्तेयाक (56) का अपनी भाभी सलमा से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। सलमा ने अपने मायके बिलरियागंज से भाई व अन्य लोगों को बुला लिया। इन लोगों ने आते ही इस्तेयाक पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। जिससे इस्तेयाक गंभीर रुप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए बिलरियागंज कस्बा स्थित प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के पुत्र सादिक ने सलमा, अजमल समेत चार के खिलाफ नामजद तहरीर थाने पर दिया। उसने कुछ अज्ञात को भी नामजद किया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। सीओ सगड़ी महेंद्र शुक्ला ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।