बलरामपुर। सरायमीर रेलवे स्टेशन के निकट आजमगढ़-शाहगंज रेलवे ट्रैक पर बुधवार की शाम अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिला था। सोशल मीडिया के माध्यम से मिली सूचना पर परिजन शव की शिनाख्त करने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। जहां शव की शिनाख्त दीदारगंज थाना क्षेत्र के भादो गांव निवासी रघुनाथ (55) पुत्र स्व. राजाराम के रूप में हुई। रघुनाथ तीन जुलाई को घर से सरायमीर के लिए बस से दवा लेने निकले थे। शाम तक घर न आने पर परिजन खोजबीन किए, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बृहस्पतिवार की शाम तीन बजे सोशल मीडिया के माध्यम से पता चला कि सरायमीर रेलवे स्टेशन के निकट आजमगढ़-शाहगंज रेलवे ट्रैक पर बुधवार की शाम एक अधेड़ का शव मिला है। परिजनों को शंका हुई तो वह पुलिस से संपर्क किए। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भेजा गया। जहां परिजनों ने शव की शिनाख्त रघुनाथ के रूप में किया। मृतक को तीन पुत्र हैं।