मेजवां। नामचीन शायर कैफी आजमी के पैतृक गांव मेजवां की महिलाओं की चिकनकारी कला ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई है। अभिनेत्री शबाना आजमी की संस्था मिजवा वेलफेयर सोसाइटी से जुड़ी महिलाओं और युवतियों की ओर से तैयार की गई चिकनकारी को मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने पेरिस काउचर फैशन वीक में अपने पहले शो में प्रदर्शित किया। इस उपलब्धि से मेजवां और आसपास की कामगार महिलाओं में खुशी का माहौल है। शबाना आजमी ने मनीष मल्होत्रा और चिकनकारी से जुड़ी सभी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि मेजवां की महिलाएं वर्षों से उनके डिजाइनों पर बारीक चिकनकारी का काम कर रही हैं। इस काम से ग्रामीण महिलाओं और युवतियों को रोजगार मिला है। वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने बताया कि आठ जुलाई को पेरिस के पैविलियन कैनबोन में आयोजित फैशन शो में मनीष मल्होत्रा ने अपना नया कलेक्शन मां प्रस्तुत किया। यह कलेक्शन उन्होंने अपनी दिवंगत मां सुदर्शन मल्होत्रा की स्मृति को समर्पित किया। शो में साल 1970 के दशक की साड़ियों से प्रेरित रंगों और डिजाइनों का उपयोग किया गया। जिन पर मेजवां की महिलाओं ने महीन चिकनकारी की। चिकनकारी इकाई की प्रभारी संयोगिता ने बताया कि शो में प्रदर्शित एक विशेष परिधान को तैयार करने में तीन महिलाओं को लगभग 11 महीने का समय लगा। उन्होंने बताया कि अब मिजवा वेलफेयर सोसाइटी मुंबई में होने वाले आगामी फैशन शो के लिए भी विशेष कलेक्शन तैयार करने की योजना पर काम कर रही है। इससे क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार के और बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।