आजमगढ़/लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के बैजबारी गांव निवासी एक युवक सोमवार की सुबह करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।
बैजाबारी गांव निवासी रामदरश (48) सोमवार की सुबह घर पर मौजूद थे। हैंडपंप में वे टुल्लू पंप लगा रखे है। जिसमें करंट आ रहा था। रामदरश टुल्लू पंप में आ रहे करंट को ठीक करने लगे। इसी दौरान करंट की चपेट में आ जाने से वे अचेत हो गए। घटना के समय वह मौके पर अकेले ही थे। कुछ देर बाद पुत्री हेमलता घर के बाहर आयी तो पिता को बेहोश पड़ा देख शोर मचाया। जिस पर परिवार के लोग भाग कर मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में लाइन कट करने के बाद रामदरश को उठा कर लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरैया लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक राजगीर का काम करते थे। वे दो पुत्र व तीन पुत्रियों के पिता थे। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। सूचना पर पहुंची रौनापार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।