आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर में बृहस्पतिवार की रात संदिग्ध हालात में नवविवाहिता का फंदे से लटका शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डेढ़ वर्ष पूर्व युवती की शादी हुई थी।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर निवासी मोहम्मद राशिद की शादी लगभग डेढ़ साल पहले दीदारगंज थाना क्षेत्र के कुशहा निवासी नूरसबा से हुई थी। नूरसबा का पति विदेश रहता है और उसकी सास आगामी बकरीद की खरीददारी करने के लिए बाजार गई थी। जब वह बाजार से लौटी तो दरवाजा बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला।
खिड़की से देखा तो नूरसबा पंखे के सहारे दुपट्टे के फंदे से लटकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतरवाया। मृतका के पास लगभग पांच माह का एक बच्चा भी है। सूचना पर सीओ सगड़ी शुभम तोदी ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।