तरवां थाना क्षेत्र के रासेपुर गांव निवासी विवाहिता रविवार की शाम संदिग्धावस्था में झुलस गई। परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके वालों ने ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। तरवां थाना क्षेत्र के मुसवा गांव निवासीनी 23 वर्षीया कविता पत्नी प्रवीण का परिवार 15 वर्षो से रासेपुर में रह रहा है। रविवार को खाना बनाने की बात को लेकर परिवार में तकझक हुई। इसके बाद कविता अपने कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर मिट्टी का तेल डाल कर आग लगा लिया। जानकारी होने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ कर आग बुझाने का प्रयास किया। आग बुझाने के बाद उसे लेकर चिरैयाकोट स्थित प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख रेफरकर दिया। जिला अस्पताल लेकर पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ससुराल पक्ष द्वारा मृतका की बहन बबिता को फोन कर घटना की सूचना दी। जानकारी पर पहुंचे मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए जलाकर मारने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हमला भी कर दिया। मृतका के भाई विपिन ने सात के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मृतिका एक बच्चे की मां थी।