फूलपुर। जाली दस्तावेजों के आधार पर नाम और जन्मतिथि बदलकर दो बार पासपोर्ट बनवाने वाले आरोपी प्रमोद कुमार गौड़ को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि 20 फरवरी को उपनिरीक्षक दयानंद ने सूचना दी कि फूलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सदरपुर बरौली निवासी प्रमोद कुमार गौड़ ने अपने नाम और जन्मतिथि में हेरफेर कर दूसरा पासपोर्ट बनवा लिया है। मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी ने वर्ष 2007 में प्रमोद कुमार गौर, जन्मतिथि 30 अप्रैल 1978 के आधार पर पहली बार पासपोर्ट बनवाया था। इसकी वैधता अवधि 2017 तक थी। इसके बाद 14 अगस्त 2017 को पासपोर्ट का नवीनीकरण कराया गया, जिसकी वैधता 13 अगस्त 2027 तक है। पुलिस की जांच में यह पाया गया कि आरोपी ने बाद में अपना नाम प्रमोद कुमार गौड़ करा लिया। इसके साथ ही जन्मतिथि बदलकर कूटरचित तथ्यों के आधार पर पासपोर्ट बनवा लिया, जो पासपोर्ट नियमों का उल्लंघन है। इस मामले में थाना फूलपुर में प्राथमिकी पासपोर्ट अधिनियम के तहत दर्ज की गई। इस मामले में रविवार को पुलिस ने आरोपी प्रमोद कुमार गौड़ को उसके घर के बाहर ग्राम सदरपुर बरौली से सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।