अहरौला। थाना क्षेत्र के महलिया में पुलिस की बुधवार को तड़के सुमन हत्याकांड के मुख्य आरोपी के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली मुख्य आरोपी के पैर में लगी। जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने प्रेमिका को शादी करने से मना किया था, लेकिन वह नहीं मानी तो उसकी हत्या कर दी।
अहरौला थाना क्षेत्र के अमगिलिया गांव में दो दिन पूर्व बाजरे के खेत में 21 वर्षीय सुमन का हत्या कर फेंका शव मिला था। मामले में छानबीन के दौरान युवती के प्रेमी अमित यादव का नाम सामने आया। पुलिस द्वारा युवती के मोबाइल के काॅल रिकाॅर्ड की छानबीन की गई तो पता चला कि युवती की रात में 11 बजे उसके प्रेमी से बातचीत हुई थी।
पुलिस प्रेमी को हत्यारोपी मानते हुए उसकी तलाश कर रही थी और फरार चल रहा था। बुधवार की तड़के दुर्वासा गहजी मार्ग पर पश्चिम पट्टी गांव के महलिया में पुलिस टीम के साथ अमित यादव की मुठभेड़ हो गई। इस घटना में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अमित यादव के पैर में लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और उपचार के लिए सीएचसी अहरौला ले गई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हत्यारोपी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
कहासुनी के बाद दुपट्टे से दबाया था गला
बुधवार को एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि घायल आरोपी सुमन से प्रेम करता था। आरोपी की शादी होने के बाद सुमन उसे छोड़ना चाहती थी। 18 व 19 अगस्त की रात 9 बजे आरोपी सुमन के घर के बाहर पहुंचा। उसने उसको मिलने के लिए बुलाया। इसी दौरान उसने सुमन से पूछा कि किसी से बात करती हो। इसी बात को दोनों में कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी अमित ने सुमन दुपट्टे से सुमन का गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गया।