हत्या व गैंगस्टर के मुकदमे में बांदा जेल में निरुद्ध बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की मंगलवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग से पेशी हुई। मामले में गवाह विश्वजीत की गवाही लगभग पूरी हो चुकी है। अदालत ने अगली कार्रवाई की तिथि सात अगस्त मुकर्रर की है। तरवां थाना क्षेत्र के ऐराकला में सड़क के ठेके को लेकर ठेकेदार पर माफिया मुख्तार अंसारी के लोगों ने फायरिंग की थी। इस घटना में ठेकेदार तो बाल-बाल बच गया था, लेकिन उसके दो मजदूर गोली लगने से घायल हो गए थे। इसमें एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले में मुख्तार अंसारी समेत उसके 12 लोगों के खिलाफ तरवां थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। बाद में इसी हत्याकांड में मुख्तार व उसके लोगों के खिलाफ गैंगस्टर की भी कार्रवाई पुलिस ने की। मुख्तार के खिलाफ दोनों मुकदमे एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहे हैं। मंगलवार को हत्या के मामलों में तारीख थी। इसमें मुख्तार अंसारी जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उपस्थित रहा। मजदूर हत्याकांड में गवाह विश्वजीत की गवाही हुई। इसके बाद न्यायाधीश ओम प्रकाश वर्मा ने मजदूर हत्याकांड में सात अगस्त की तारीख तय की।