मऊ जिले के सदर विधायक और माफिया मुख्तार अंसारी समेत उसके साथियों के खिलाफ आजमगढ़ जिले के तरवां थाने में दर्ज गैंगस्टर मामले में सोमवार को सुनवाई थी। वर्चुअल माध्यम से माफिया मुख्तार कोर्ट में हाजिर भी हुआ। इस दौरान चार्जशीट व रिमांड को लेकर पूरी कार्रवाई करते हुए न्यायालय ने मुकदमे को एमपी-एमएलए कोर्ट में भेजने का निर्देश जारी किया।
बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी समेत 11 साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत तरवां थाने में मुकदमा पंजीकृत है। जिसकी सुनवाई जिला गैंगस्टर कोर्ट में चल रही है। इस मामले में विवेचक प्रशांत श्रीवास्तव द्वारा चार्जशीट भी दाखिल कर दिया गया है। सोमवार को कोर्ट में सुनवाई थी। जिसमें माफिया मुख्तार बांदा जेल से वीसी के माध्यम से उपस्थित हुआ।
ये भी पढ़ें- विश्व पर्यटन दिवस: दुनिया को अपनी ओर खींचते हैं काशी के ये पर्यटन स्थल, जहां घूमकर नहीं भरेगा आपका मन
11 अक्तूबर को होगी अगली सुनवाई
सोमवार को हुई पेशी के दौरान मुख्तार ने कुछ भी नहीं कहा और सिर्फ कोर्ट की कार्रवाई को देखता व सुनता रहा। कोर्ट में रिमांड व चार्जशीट पर कार्रवाई पूरी करते हुए अपर सत्र न्यायाधीश गैंगस्टर कोर्ट जितेंद्र कुमार ने मुकदमे की सारी पत्रावली एमपी-एमएलए कोर्ट प्रयागराज स्थानांतरित करने का निर्देश जारी कर दिया। इसके साथ ही पेशी की अलगी तारीख 11 अक्तूबर निर्धारित किया है। कोर्ट में मुख्तार की पैरवी उसके अधिवक्ता विनय मिश्रा व संजय द्विवेदी ने किया।