गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब में सिखों के पांचवें गुरु, श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज का शहीदी
निजामाबाद। ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब में सिखों के पांचवें गुरु, श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज का शहीदी पर्व बृहस्पतिवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष दीवान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर गुरु महाराज को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का शुभारंभ शबद-कीर्तन से हुआ, इसमें रागी जत्थों ने गुरु अर्जुन देव जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं तथा शहादत पर आधारित गुरबाणी का भावपूर्ण गायन किया। संगत ने श्रद्धा पूर्वक कीर्तन श्रवण करते हुए गुरु महाराज के बताए सत्य, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। शहीदी पर्व पर गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक ढंग से फूलों एवं रोशनी से सजाया गया था। कार्यक्रम के उपरांत गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया और सेवा भाव का परिचय दिया। गुरुद्वारा के सेवादारों ने बताया कि गुरु अर्जुन देव जी ने धर्म, सत्य और मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका त्याग और बलिदान सिख इतिहास की अमूल्य धरोहर है तथा उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को प्रेम, भाईचारे, सेवा और एकता का संदेश देती हैं। कार्यक्रम के समापन पर अरदास कर विश्व शांति, मानव कल्याण तथा समस्त मानव जाति के सुख-समृद्धि की कामना की गई।