अमिलो। खंड विकास क्षेत्र सठियांव का शनिवार को डीएम विशाल भारद्वाज ने औचक निरीक्षण किया। खंड विकास कार्यालय के मुख्य गेट पर गंदगी व कूड़े का ढेर देखकर भड़क उठे। सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सफाई करने का निर्देश दिया। खंड विकास अधिकारी से अमृत सरोवर के बारे में जानकारी हासिल की।
अचानक सठियांव विकास खंड कार्यालय पहुंचे डीएम सीधे बीडीओ के कार्यालय में पहुंचे। पहले उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया। इसके बाद अमृत सरोवर योजना के बारे में खंड विकास अधिकारी हेमंत सिंह से पूछा। उन्होंने बताया कि पूरे विकास खंड क्षेत्र में 16 अमृत सरोवरों का निर्माण कराया जा रहा है। काम तेजी से चल रहा है।
जिलाधिकारी ने इस दौरान निर्माणाधीन सभी अमृत सरोवरों के निर्माण में मानक का पालन करते हुए गुणवत्ता का ध्यान रखकर काम पूरा कराये जाने का निर्देश दिया। डीएम ने यह भी कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में दो दो तालाबों को चिन्हित कर अमृत सरोवर की तर्ज पर उन्हें विकसित भी किया जाए। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी हेमंत सिंह, एडीओ पंचायत सुनील मिश्रा, एडीओ आईएसबी रमेश चंद्र सिंह, कमर अंसारी, श्रीराम यादव, राधेश्याम सिंह, विनोद यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।