जहानागंज थाना क्षेत्र में आधी रात को प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने बेड के नीचे से पकड़ लिया। इसके बाद उसकी धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। एक गांव की दलित बस्ती की रहने वाली महिला का गांव के ही राजभर बस्ती के रहने वाले एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक अक्सर ही रात में उससे मिलने आता था। पति के साथ ही गांव वालों को भी इसकी भनक लग गई थी। मंगलवार की रात पति कहीं जाने की बात कहते हुए घर से निकला और अपने आस पड़ोस में रहने वालों को सहेजता गया। रात 12 बजे प्रेमी महिला से मिलने उसके घर पहुंचा। यह देख कर पड़ोसियाें ने दरवाजा खटखटाया। महिला ने प्रेमी को बेड के नीचे छिपा दिया। इसके बाद दरवाजा खोला। दरवाजा खुलते ही पट्टीदार व गांव के लोग घर में घुस गए और प्रेमी को महिला के कमरे में बेड के नीचे से पकड़ लिया और पीटते हुए बाहर लाकर पेड़ से बांध दिया। इसके बाद जानकारी पुलिस को दी गई। भोर में पुलिस पहुंची और युवक को पकड़ कर थाने ले आयी। जहां घंटों युवक को छुड़ाने को लेकर पंचायत होती रही। बुधवार की भोर से लेकर शाम तक पुलिस ने प्रकरण को दबाए रखा। देर शाम ही प्रेमी युवक को बेड के नीचे से निकालने व पेड़ से बांध कर पूछताछ किए जाने का वीडियो वायरल हो गया। ग्रामीणों के दबाव को देखते हुए महिला ने थाने पर युवक के खिलाफ तहरीर दी। लेकिन अब तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।