आजमगढ़। धनतेरस के दिन शुकवार को लगभग साढ़े तीन सौ करोड़ से अधिक का कारोबार होने से जनपद के कारोबारी खुशी से झूम उठे। इसके साथ ही कारोबारियों के दीपावली पर्व की मंगलमय शुरूआत हो गई। आमतौर पर 10 बजे से खुलने वाली दुकानों और शोरूम के शटर सुबह आठ बजे से ही धनतेरस के मद्देनजर साज-सज्जा के साथ खुल गए। खरीदारी का शुभ मुहूर्त शुरू होते ही दुकानों पर खरीदार उमड़ पड़े। शहर के स्टील कारोबार, सराफा, गणेश लक्ष्मी मूर्ति व पूजन सामग्री की दुकानों पर भारी-भीड़ रही। तो वहीं आटो मोबाइल्स, इलेक्ट्रानिक्स सेक्टरों के शो रूमों पर सुबह से ही बुकिंग की हुई गाडिय़ों को लेने के लिए ग्राहक पहुंचते नजर आए। इसके अलावा इस दिन जमीनों की भी खरीदारी हुई। लोगों ने शुभ मुहूर्त देखकर रजिस्ट्री कराई। धनतेरस की खरीदारी को लेकर शहर से लेकर ग्रामीणांचल तक के बाजार पूरी तरह गुलजार रहे। पिछली बार की तुलना में अधिक कारोबार होने से कारोबारियों के चेहरे चहके नजर आए। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए गिफ्ट आइटम सहित ग्राहकों केे लिए आफरों की बारिश कर दिया। शोरूम से लेकर दुकानदारों, मार्ट आदि पर हर तरह के आफरों को देख ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। इस बार कारोबार 350 करोड़ से ज्यादा का रहा। व्यापारियों की मानें तो ऑनलाइन कारोबार का प्रभाव नहीं रहता तो यह बिक्री और अधिक होती।